वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के बड़ागांव-कपसेठी बाइपास मार्ग स्थित गजापुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार दो जिगरी दोस्तों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे, जबकि उनकी बाइक पिकअप में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, वाहन और चालक को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शेरवानीपुर गांव निवासी सतीश (24) और पतेर गांव निवासी मूलचंद (25) आपस में घनिष्ठ मित्र थे। रविवार सुबह दोनों एक ही बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक गजापुर पेट्रोल पंप के पास मुड़ी, कुरू की ओर से आ रही प्याज लदी तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी बाइक पिकअप में फंसकर काफी दूर तक घिसटती रही। संयोगवश उसी समय उधर से गुजर रही पुलिस ने पिकअप को रोक लिया और चालक इंद्रजीत वर्मा, निवासी असवालपुर थाना फूलपुर, को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक टेंट का काम करते थे और रविवार सुबह कुरू जाने की बात कहकर घर से निकले थे। मूलचंद विवाहित था और उसका एक वर्ष का पुत्र है। उसके पिता चंद्रभान भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। वहीं सतीश अविवाहित था। उसके पिता जगन्नाथ मजदूरी करते हैं और वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दोनों दोस्तों की एक साथ हुई मौत से शेरवानीपुर और पतेर गांव में शोक की लहर है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….