Breaking News

सोनभद्र: नाले के तेज बहाव में बह गई मां-बेटी, मासूम का शव मिला, मां की तलाश जारी  

सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के औड़ीमोड़ क्षेत्र में बुधवार रात दर्दनाक हादसा हुआ। यहां बरसाती नाले के तेज बहाव में मां और उसकी आठ माह की बेटी बह गईं। काफी तलाश के बाद मासूम का शव नाले में लकड़ी के सहारे फंसा मिला, जबकि मां का देर रात तक कोई पता नहीं चल सका। पुलिस और स्थानीय लोग महिला की तलाश में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, औड़ीमोड़ स्थित एमटीसी कार्यालय के पीछे बस्ती निवासी सविता देवी (25) पत्नी राकेश कुमार, बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी आठ माह की बेटी के साथ घर के पीछे बरसाती नाले के पास शौच के लिए गई थी। इसी दौरान अचानक हुई बारिश से नाले में पानी का तेज बहाव होने से दोनों उसकी चपेट में आकर बह गईं। देर रात जब पति राकेश कुमार घर पहुंचा और पत्नी के बारे में पूछा तो परिजनों ने बताया कि वह अभी तक शौच से वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर महिला की साड़ी मिली। वहीं अनपरा तापीय परियोजना के गेस्ट हाउस के पीछे नाले में आठ माह की बच्ची का शव एक लकड़ी में कपड़े के सहारे फंसा हुआ मिला। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, लापता सविता देवी की तलाश नाले और आसपास के क्षेत्र में जारी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Image 1 Image 2

Check Also

जौनपुर: एक लाख इनामिया भोले राजभर ने किया न्‍यायालय में आत्मसमर्पण

जौनपुर। जिले में दूल्हा हत्याकांड के नामजद आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी भोले …