आजमगढ़। वाराणसी और भदोही तक आपराधिक नेटवर्क फैलाने वाले जामवंत यादव उर्फ जमुना गैंग के दो सदस्यों को तरवां पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले में वांछित चल रहे दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों को तरवां-मेहनाजपुर सीमा पर नूरपुर/भंवरपुर गांव के पास पुलिया से सुबह करीब 9.35 बजे गिरफ्तार किया। तरवां थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भदोही के कोईरौना थाना क्षेत्र के झरिहंगपुर निवासी सुमित यादव (23) और मन्नीपुर निवासी प्रदुम्मन यादव (26) शामिल हैं। दोनों के खिलाफ वाराणसी के मिर्जामुराद थाने में दर्ज लूट की प्राथमिकी में विवेचना के दौरान नाम सामने आया था। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। गिरफ्तारी न होने पर एसपी डॉ. अनिल कुमार ने छह सितंबर को दोनों पर 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। बताया कि तरवां क्षेत्र में मिट्टी उठाने के विवाद को लेकर एक जनवरी 2021 को जामवंत यादव उर्फ जमुना और हीरालाल यादव ने एक व्यक्ति के घर पहुंचकर गाली-गलौज की थी। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग भी की गई। इस मामले में तरवां थाने में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुआ था। विवेचना के दौरान जामवंत की पीसीआर में उसके कब्जे से तमंचा बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है। इसके बाद 28 अप्रैल 2025 को मिर्जामुराद, वाराणसी में दर्ज एक मामले की विवेचना में जामवंत, सुमित और प्रदुम्मन के नाम सामने आए। पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए गैंगचार्ट तैयार कर अनुमोदन की प्रक्रिया शुरू की। गैंग के चार सदस्यों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….