Breaking News

जौनपुर: स्‍कूल वैन की चपेट में आने इकलौते बेटे की मौत

जौनपुर। जिले की कोतवाली क्षेत्र के पचवर गांव में घर के सामने स्कूल वैन की चपेट में आकर माता-पिता के इकलौते बेटे आरव की मौत हो गई। सुबह तक आरव की किलकारियों से घर गुलजार था। मां ज्योति ने बेटे को दूध पिलाया था। वह घर के सामने खेल रहा था। दोनों बड़ी बहनें माही और प्राची स्कूल जाने के लिए उसी स्कूल वैन में बैठ चुकी थीं लेकिन कुछ ही पलों में सब कुछ बदल गया। खेलते-खेलते आरव स्कूल वैन के पास पहुंचा और अगले पहिये की चपेट में आ गया। बहनों की आंखों के सामने उनका छोटा भाई हमेशा के लिए उनसे दूर हो गया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। हादसे के बाद से मां ज्योति बेसूध पड़ी रहीं। कभी आरव को पुकारतीं तो कभी उसे गोद में लेने के लिए हाथ बढ़ातीं। परिजन उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे लेकिन बेटे को खोने का दर्द उनकी हर कोशिश पर भारी पड़ रहा था। माही और प्राची की आंखों के सामने बार-बार हादसे का वही दृश्य घूम रहा था। सुबह उठते ही कभी वह बड़े पिता संतोष के कमरे में पहुंच जाता था तो कभी किसी दूसरे चाचा के पास। मासूम की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।मृतक आरव के पिता सुनील पान की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह मंगलवार की सुबह दोनों बेटियों को स्कूल भेजने के बाद वह दुकान जाने की तैयारी में थे। स्कूल वाहन घर के सामने पहुंची तो माही और प्राची उसमें बैठ गईं। इसी दौरान आरव भी उनके पास पहुंच गया। बेटे की मौत के बाद से पिता सदमे में हैं। आरव सिर्फ परिवार का ही नहीं, आसपास के लोगों का भी दुलारा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पचवर गांव में सन्नाटा पसर गया। घर पर जुटे ग्रामीण परिजनों को ढाढ़स बंधाते रहे। मां और बहनों का विलाप सुनकर उन्हें सांत्वना देने पहुंचे लोगों की भी आंखें भर आईं।परिजनों ने बताया कि आरव का जन्मदिन 16 दिसंबर को था। माता-पिता को क्या पता था कि जन्मदिन आने से पहले ही उनका इकलौता बेटा उनसे हमेशा के लिए छिन जाएगा। जिस घर में कुछ महीने बाद जन्मदिन की खुशियां मनानी थीं, मंगलवार को उसी घर में मातम था।

Image 1

Check Also

कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने कैलाश महिला छात्रावास का किया औचक निरीक्षण; छात्राओं की समस्याओं को सुनकर समाधान के दिए निर्देश

लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने आज विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कन्या छात्रावास …