चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के इटवा गांव में कथित धर्म परिवर्तन की सूचना पर गुरुवार को पुलिस ने एक प्रार्थना सभा में छापेमारी कर छह लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि मौके से बड़ी मात्रा में धार्मिक साहित्य, बाइबिल और ईसा मसीह से संबंधित पोस्टर व स्मारिकाएं बरामद हुई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की बात कह रही है।पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि इटवा गांव के एक मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में झाड़-फूंक और अन्य माध्यमों से लोगों का कथित धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सकलडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रार्थना सभा चल रहे मकान में छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मौके से सात बाइबिल, करीब 50 ईसा मसीह से संबंधित स्मारिकाएं तथा बड़ी संख्या में धार्मिक पोस्टर बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सभा में शामिल लोग स्थानीय थे या अन्य क्षेत्रों से आए थे और प्रार्थना सभा का आयोजन किस उद्देश्य से किया जा रहा था।स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मकान में प्रार्थना सभा चल रही थी, वह जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश राम के भाई का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में अभी किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कथित धर्म परिवर्तन के आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। पूछताछ, बरामद साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….