Breaking News

मिर्जापुर: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मां-बेटा और पोते की मौत

मिर्जापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर में बुधवार सुबह सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। आलूमिल के सामने गड्ढे और पटरी विहीन सड़क पर बाइक फिसलकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतकों में मां, बेटा और पोता शामिल हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्रीय लोगों में सड़क की बदहाली को लेकर आक्रोश है। नरायनपुर चौकी प्रभारी आशीष सिंह के अनुसार, पट्टी कलां, थाना अहरौरा निवासी मनोज चौहान (25) पुत्र रमेश चंद्र चौहान अपनी मां मुन्नी देवी (45) और तीन वर्षीय भतीजे श्रेयांस के साथ बाइक से वाराणसी के रामनगर स्थित अपनी बुआ के घर से लौट रहा था। बुधवार सुबह करीब 10:15 बजे आलूमिल के सामने बाइक सड़क की पटरी से फिसलकर गिर गई। इसी बीच पीछे से आ रहे अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मनोज तीन भाइयों में सबसे छोटा था और टाइल्स मिस्त्री का काम करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने भाई विकास चौहान की अपाचे बाइक लेकर घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही नरायनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक के आधार पर पट्टी कलां के ग्राम प्रधान से संपर्क कर ग्रामीणों को सूचना दी गई। पुलिस ने मृतकों के पिता रमेश चंद्र चौहान की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। उधर, स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि नरायनपुर तिराहे से पुलिस चौकी तक करीब एक किलोमीटर सड़क लंबे समय से जर्जर है। सड़क पर गड्ढे और पटरी नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल गिट्टी डलवाकर औपचारिकता पूरी कर लेते हैं। लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने और हादसों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: 16 बाइक के साथ तीन वाहन चोर गिरफ्तार

गाजीपुर। जंगीपुर थाना पुलिस और स्‍वाट पुलिस ने तीन वाहन चोरों को 16 बाइक के …