लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर में छात्र क्रिया कलाप परिषद के अंतर्गत ‘दी एडिटोरियल बोर्ड’ की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक वाद-विवाद प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में 200 विद्यार्थियों ने भाग लेकर समसामयिक विषयों पर अपनी तार्किक क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और प्रभावशाली अभिव्यक्ति का परिचय दिया। अंतिम चरण में 40 चयनित प्रतिभागियों के बीच हुए रोचक मुकाबले में पलक शुक्ला और श्रेया तिवारी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का पहला चरण 25 अक्टूबर को आयोजित किया गया था। इसमें 200 विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए और विशेषज्ञों के प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतिभागियों का मूल्यांकन संप्रेषण कौशल, विषय की समझ, तार्किक प्रस्तुति और विश्लेषण क्षमता के आधार पर किया गया। इस चरण से 40 विद्यार्थियों का चयन अंतिम दौर के लिए हुआ। बुधवार को विश्वविद्यालय के अटल भवन सभागार में आयोजित अंतिम चरण में चयनित विद्यार्थियों ने दो-दो सदस्यों की 20 टीमें बनाकर 10 समसामयिक विषयों पर पक्ष और विपक्ष में अपने तर्क प्रस्तुत किए। प्रत्येक टीम को निर्धारित विषय पर अपना पक्ष रखने के लिए ढाई मिनट का समय दिया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने विपक्षी टीम के तर्कों का खंडन किया और निर्णायक मंडल के प्रश्नों के उत्तर दिए। तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस बौद्धिक मुकाबले में विद्यार्थियों ने अपनी विषयगत समझ, तार्किक दृष्टिकोण और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बीटेक सूचना प्रौद्योगिकी की पलक शुक्ला और बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स की श्रेया तिवारी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीटेक सूचना प्रौद्योगिकी की अंकिता रावत और बीटेक इलेक्ट्रिकल की प्रिंस चौहान की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं, बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स की सृष्टि मौर्य और बीटेक मैकेनिकल के विशेष राय की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को क्रमशः चार हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये के नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र, ट्राफी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. अभिजित मिश्र, डॉ. मिलिंद राज आनंद, डॉ. अम्बरीष शुक्ल, डॉ. गरिमा यादव और डॉ. अंजलि सिंह शामिल रहे। कला एवं साहित्य उप परिषद के प्रभारी डॉ. अभिजित मिश्र, दी एडिटोरियल बोर्ड के संकाय प्रभारी डॉ. मिलिंद राज आनंद तथा सदस्य डॉ. अम्बरीष शुक्ल एवं डॉ. गरिमा यादव ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….