Breaking News

सोनभद्र में 118 किलो अवैध गांजा के साथ तीन तस्‍कर गिरफ्तार, नकदी व लग्‍जरी कार बरामद  

सोनभद्र। ओडिशा से 118 किलो गांजा लेकर मिर्जापुर जा रहे तीन तस्करों को सोनभद्र पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात गिरफ्तार किया। करमा थाना और एसओजी की संयुक्त टीम को करनवाह गांव के पास चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली। तस्करों के कब्जे से बरामद 118.6 किलो गांजे की अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी-500 और मारुति सुजुकी ब्रेजा कार, पांच मोबाइल फोन और 8280 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये है। एएसपी ऋषभ रूणवाल ने शुक्रवार क़ो पुलिस लाइन सभागार में मीडिया क़ो बताया कि बृहस्पतिवार की रात करमा थाना प्रभारी कमलेश पाल और एसओजी प्रभारी राम स्वरूप वर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम करनवाह गांव जाने वाले तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिंदुआरी की ओर से आ रही दो संदिग्ध कारें पुलिस को देखकर करीब 50 मीटर पहले ही मुड़कर भागने लगीं। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 11:15 बजे दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान एक्सयूवी के पिछले हिस्से में स्टेपनी के नीचे और ब्रेजा कार के पीछे व बीच के हिस्से में टेप से लिपटे छोटे-छोटे पैकेट मिले। जांच में उनमें गांजा होने की पुष्टि हुई। वाहनों में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी हैं। उनकी पहचान विश्वजीत बारीक़, रविंद्र नायक और मोहम्मद दानिश के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ करमा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गांजा तस्करी में शामिल अन्य लोगों, आपूर्ति के स्रोत और संभावित खरीदारों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: आईडीबीआई बैंक को विदेशी निजी निवेशक के हाथों बेचने के सरकारी निर्णय के विरोध में बैंक कर्मियों ने काली पट्टी बाँधकर किया प्रदर्शन

गाजीपुर: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) की हरदोई इकाई के आह्वान द्वारा आज शुक्रवार, …