वाराणसी। शिक्षक विधान परिषद चुनाव में शिक्षकों के हितों और उनकी आवाज को सदन तक पहुंचाने के मुद्दे पर वित्तविहीन शिक्षक महासभा उत्तर प्रदेश ने शिक्षक प्रत्याशी चेतनारायण सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। मंगलवार को प्राचीन छात्र-छात्रा भवन, उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज), वाराणसी में वित्तविहीन शिक्षक महासभा और माध्यमिक शिक्षक संघ की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। महासभा ने दो प्रमुख मांगों पर सदन में संघर्ष करने का आश्वासन मिलने के बाद प्रत्याशी को समर्थन दिया। बैठक में वित्तविहीन शिक्षकों की आर्थिक स्थिति और वर्षों से लंबित अनुदान का मुद्दा प्रमुखता से उठा। महासभा ने चेतनारायण सिंह के सामने दो मांगें रखीं। पहली, वित्तविहीन शिक्षकों को शिक्षामित्रों के समान राज्यकोष से मासिक मानदेय दिलाने के लिए विधान परिषद में प्रभावी ढंग से आवाज उठाई जाए। दूसरी, 15 अक्टूबर 1986 से बंद अनुदान को फिर से क्रमवार शुरू कराने के लिए संघर्ष किया जाए। चेतनारायण सिंह ने दोनों मांगों पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि शिक्षकों का आशीर्वाद मिला और वह चुनाव जीतकर सदन में पहुंचे तो इन मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगे। उन्होंने मासिक मानदेय की व्यवस्था के लिए सदन में जोरदार संघर्ष करने तथा बंद अनुदान को क्रमवार फिर शुरू कराने के लिए प्रयास करने का वचन दिया। वित्तविहीन शिक्षक महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रधान महासचिव जियारत हुसैन ने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें अपने-अपने वर्गों के हितों की आवाज उठाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन सीटों पर शिक्षकों और स्नातकों के हितों की पैरवी कमजोर हुई तो उनके मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने की चुनौती बढ़ सकती है। इसलिए शिक्षकों के अस्तित्व, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से चेतनारायण सिंह को समर्थन देकर विजयी बनाने की अपील की, ताकि वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। डॉ. कृष्ण मोहन यादव ने भी शिक्षकों से एकजुट होकर चेतनारायण सिंह को सदन में भेजने का आह्वान किया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने मानदेय और बंद अनुदान से जुड़े मुद्दों को शिक्षकों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। बैठक में डॉ. कृष्ण मोहन यादव, हरिवंश यादव, धनंजय उपाध्याय (बंटी बाबा), जियारत हुसैन, दुर्गेश यादव, रामबचन यादव, अश्विनी सिंह, अश्विनी पांडेय, भीमराज बिंद, अमर बहादुर यादव, अजय सिंह, अनिल कुमार, प्रवेश यादव, रामजी सिंह, राजेश सिंह, संतोष गुप्ता, मनोज कुमार, राजेश वर्मा, शिवबचन पटेल और आलोक मिश्रा सहित आठों जिलों के जिलाध्यक्ष, महासचिव एवं प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….