लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) गोरखपुर के विद्युतकण एवं संचार अभियंत्रण विभाग में सोमवार को ड्रोन प्रौद्योगिकी एवं संचालन विषय पर तीन दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ड्रोन तकनीक, मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) प्रणालियों तथा उनके व्यावहारिक संचालन से संबंधित तकनीकी ज्ञान एवं कौशल प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलसचिव चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उद्घाटन सत्र की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलगीत का गायन किया गया। विद्युतकण एवं संचार अभियंत्रण विभाग के कार्यवाहक विभागाध्यक्ष डॉ. राजन मिश्रा ने अतिथियों, विशेषज्ञों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक प्रो. एस. के. सोनी ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए तकनीकी शिक्षा में कौशल विकास की आवश्यकता को रेखांकित किया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. राज कुमार सिंह ने प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ड्रोन प्रौद्योगिकी तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है, जिसमें विद्यार्थियों एवं तकनीकी पेशेवरों के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को ड्रोन की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं, संचालन प्रक्रियाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में इसके अनुप्रयोगों से परिचित कराया जाएगा। इससे उन्हें उभरती प्रौद्योगिकियों के अनुरूप व्यावहारिक दक्षता विकसित करने का अवसर मिलेगा। कुलसचिव चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी ने अपने संबोधन में तकनीकी शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, नवाचार और आधुनिक प्रौद्योगिकियों के ज्ञान को आवश्यक बताया। उन्होंने कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के आयोजन में समन्वयक डॉ. राम प्रवेश एवं डॉ. वीण कुमार राव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उद्घाटन सत्र का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उल्लेखनीय है कि कृषि, सर्वेक्षण, निगरानी, आपदा प्रबंधन और औद्योगिक निरीक्षण जैसे क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। इसी के दृष्टिगत आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों को ड्रोन के विविध अनुप्रयोगों से परिचित कराने और उनकी तकनीकी दक्षता विकसित करने पर केंद्रित है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….