Breaking News

मिर्जापुर: पिकनिक के दौरान जलप्रपात में डूबे युवक का 18 घंटे बाद मिला शव

मिर्जापुर। अहरौरा स्थित सुखदरिया जलप्रपात पर पिकनिक के दौरान डूबे युवक अजय कश्यप उर्फ रिंकू का शव घटना के करीब 18 घंटे बाद सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। इससे पहले उसके साथी विकास झा का शव रविवार शाम को ही मिल गया था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। अजय की शादी महज नौ दिन पहले हुई थी और उसकी पत्नी के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी कि यह हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, वाराणसी के रामनगर तपोवन निवासी विकास झा (36) और अजय कश्यप उर्फ रिंकू (32) अपने सात-आठ दोस्तों के साथ रविवार दोपहर सुखदरिया जलप्रपात पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, अजय की शादी 11 जुलाई को हुई थी। शादी के बाद उसने दोस्तों को पार्टी देने के लिए इस स्थल पर आने की योजना बनाई थी। शाम करीब पांच बजे सभी दोस्त जलप्रपात में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अजय और विकास गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफल नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर अहरौरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद विकास झा का शव बरामद कर लिया गया, लेकिन अजय का कोई पता नहीं चला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। सोमवार सुबह एसडीआरएफ ने दोबारा सर्च अभियान शुरू किया और करीब 18 घंटे बाद सुबह 11 बजे अजय का शव बरामद कर लिया। शव बाहर निकलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक की लहर दौड़ गई। अहरौरा थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने अजय का शव बरामद कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Image 1 Image 2

Check Also

वाराणसी: आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस आपका प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि बन सकता है सह-शोधकर्ता  : प्रो. मनोज दयाल

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पत्रकारिता एवं जन- संप्रेषण विभाग में सोमवार को “मीडिया …