लखनऊ! 20 जुलाई 2026 को लखनऊ विश्वविद्यालय के द्वितीय परिसर (जानकीपुरम विस्तार) स्थित अभियांत्रिकी संकाय (Engineering Faculty) परीक्षा केंद्र पर आयोजित एल-एल०एम० (LL.M.) प्रवेश परीक्षा (सत्र 2026-2027) की प्रथम पाली (प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक) के दौरान परीक्षा की शुचिता भंग करने और अनुचित साधनों के प्रयोग का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। परीक्षा केंद्र (कोड: 2603) के कक्ष संख्या 336 (N) में परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी जतिन वाष्र्णेय (पुत्र श्री विमल गाँधी, निवासी: कावेरी एन्क्लेव, रामघाट रोड, अलीगढ़; पंजीकरण संख्या: LUS262610518) को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का अनुचित प्रयोग करते हुए केंद्र अधीक्षक प्रो० आनंद कुमार विश्वकर्मा एवं आंतरिक उड़नदस्ते द्वारा रंगे हाथों पकड़ा गया। विश्वविद्यालय के नियमानुसार परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः वर्जित एवं दंडनीय है। पकड़े जाने के उपरांत, आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई और पूछताछ हेतु अभ्यर्थी को अभियांत्रिकी संकाय के प्रथम तल पर स्थित कक्ष संख्या 024 (N) में लाया गया था तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से कमरे को बाहर से बंद (लॉक) कर दिया गया था। परंतु, उक्त अभ्यर्थी नियमों व कानून का उल्लंघन करते हुए कमरे के पीछे की खिड़की को बलपूर्वक तोड़कर परीक्षा केंद्र से फरार हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस कृत्य को अत्यंत गंभीरता से लिया है। यह न केवल परीक्षा में अनुचित साधनों (UFM) का मामला है, बल्कि सरकारी संपत्ति को क्षति पहुँचाने और कानूनी हिरासत से भागने का भी एक गंभीर दंडनीय अपराध है। त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर कुलानुशासक (Addl. Proctor Incharge) द्वारा थानाध्यक्ष, थाना-जानकीपुरम विस्तार, लखनऊ को इस घटना के विषय में सूचित करते हुए अभ्यर्थी के विरुद्ध नामजद आपराधिक प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने हेतु औपचारिक पत्र प्रेषित कर दिया गया है। अभ्यर्थी का आवेदन निरस्त करने तथा भविष्य की परीक्षाओं से डिबार (expel) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….