Breaking News

आजमगढ़: ट्यूबवेल और घर पर सो रहे दादा-पोते की हमलावरों ने कुल्‍हाड़ी से काटकर की हत्या  

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में शु्क्रवार की सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। घर और ट्यूबवेल पर सो रहे दादा और पोते की अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पारिवारिक लेनदेन और आपसी क्लेश का मामला सामने आने की बात कही जा रही है। गांव निवासी 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव रोज की तरह घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे। वहीं उनका 25 वर्षीय पोता अंकित घर में अपनी चचेरी दादी फूलमती और दो भाइयों के साथ सोया था। देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुसा और सो रहे अंकित पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले का आभास होने पर फूलमती की नींद खुली। उन्होंने तुरंत अंकित के दोनों भाइयों को जगाया और सभी उसे इलाज के लिए अंबेडकर नगर के नगपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित की मौत की सूचना देने के लिए परिजन जब ट्यूबवेल पर पहुंचे तो वहां जगदंबा प्रसाद यादव भी मृत मिले। उनके गले और शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण चिराग जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में खून से सनी एक कुल्हाड़ी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रात करीब दो बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक लेनदेन और क्लेश का मामला सामने आया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Image 1 Image 2

Check Also

चंदौली: धर्म परिवर्तन के आरोप में छह लोगो को पुलिस ने किया गिरफ्तार, धार्मिक साहित्‍य, बाइबिल, पोस्‍टर बरामद

चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के इटवा गांव में कथित धर्म परिवर्तन की सूचना पर गुरुवार …