जौनपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये की लागत से सड़कें बनाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में सड़कों की तस्वीर बदली है और अब उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। खराब काम करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि वे दोबारा काम नहीं कर सकेंगे। गडकरी ने कहा कि वह सड़कों की गुणवत्ता की निगरानी सैटेलाइट के माध्यम से करते हैं। छोटी-छोटी बातों का निरीक्षण किया जाता है और गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट भी उनके पास पहुंचती है। जनता के पैसे से बनने वाली सड़कों में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश को विश्व की महाशक्ति बनाना, पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तैयार करना और गरीबी दूर करना सरकार का लक्ष्य है। राजनीति सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का माध्यम होनी चाहिए। रायबरेली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 50-60 वर्षों के कार्यकाल की तुलना में उनकी सरकार ने दस वर्षों में तीन गुना अधिक काम किया है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर सरकार काम कर रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….