गाजीपुर। ’’उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’’ के अन्तर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं पं0 मदन मोहन मालवीय इ0का0 सिखड़ी, गाजीपुर के संयुक्त तत्वाधान में विधानसभा क्षेत्र जखनिया में वृहद रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। मुख्य अतिथि विधायक जखनियॉ बेदी राम द्वारा फीता काटकर विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेला का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ बेदी राम, विधायक जखनियां, प्रबन्धक-पं0 मदन मोहन मालवीय इ0का0 सिखड़ी, गाजीपुर पारस नाथ राय एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह आदि के द्वारा दीपप्रज्ज्वलन, सरस्वती बन्दना एवं हारमोनियम राग प्रस्तुतिकरण के साथ किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन गौरी शंकर पाण्डेय द्वारा किया गया । जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह द्वारा सेवायोजन विभाग के द्वारा संचालित योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी दी गयी। कार्यक्रम के अगली कड़ी में प्रबन्धक, पारस नाथ राय द्वारा अपने उद्बोधन में सरकार की महत्वपूर्ण रोजगार परक योजनाओं की जानकारी प्रदान की गयी तथा भविष्य में सरकार आपके द्वार के तर्ज पर निरन्तर रोजगार मेले आयोजित किये जाने की बात की गयी। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण जखनिया विधायक बेदी राम रहें। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मंच से संवाद करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को रोजगार से जोड़कर चर्चा की। मुख्य अतिथि द्वारा युवाओं को स्थानीय क्षेत्र में रोजगार के साथ-साथ जनपद के बाहर भी जाकर रोजगार करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने रोजगार के इच्छुक युवाओं को सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए कहा ताकि उन्हें जनपद में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की निरन्तर जानकारी मिल सके। उनके द्वारा आउटसोर्सिंग पोर्टल, विदेश में भर्ती अवसरों की विस्तृत जानकारी, कॅरियर काउन्सिलिंग इत्यादि विभागीय योजनाओं की अपने भाषण में चर्चा की। कार्यक्रम के अन्त में अतिथियों द्वारा मंच पर ऑफर लेटर वितरित किया गया एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी गयी। रोजगार मेले में 1500 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें 562 युवाओं को ऑफर लेटर दिया गया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….