Breaking News

जौनपुर: बम की सूचना पर जंघई रेलवे स्‍टेशन पर दो घंटे तक चला चेकिंग अभियान

जौनपुर। जिले में जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को बम होने की सूचना से अफरातफरी मच गई। अज्ञात व्यक्ति की ओर से प्लेटफॉर्म नंबर एक पर लावारिस ट्रॉली बैग में बम होने की सूचना मिलने के बाद जीआरपी, आरपीएफ और मीरगंज पुलिस ने संयुक्त रूप से करीब दो घंटे तक स्टेशन परिसर का चप्पा-चप्पा खंगाला। तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर पुलिस और रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। एहतियात के तौर पर प्रयागराज से बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) भी बुलाया गया। मंगलवार की सुबह जंघई जीआरपी को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रखा एक लावारिस ट्रॉली बैग संदिग्ध है और उसमें बम हो सकता है। सूचना मिलते ही जीआरपी ने कंट्रोल रूम के माध्यम से रेलवे अधिकारियों, आरपीएफ और मीरगंज थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मीरगंज अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर की घेराबंदी कर प्लेटफॉर्म नंबर एक से पांच तक तथा सर्कुलेटिंग एरिया में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों के सामान और संदिग्ध बैगों की भी बारीकी से जांच की गई। अचानक शुरू हुई सुरक्षा कार्रवाई से कुछ देर के लिए यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। करीब दो घंटे तक चली तलाशी के दौरान स्टेशन परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर प्रयागराज से बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) भी बुलाया गया, ताकि पूरे परिसर की दोबारा जांच कराई जा सके। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि बम की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे स्टेशन परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने कहा कि एहतियातन बीडीडीएस से भी जांच कराई जा रही है। साथ ही फर्जी सूचना देने वाले अज्ञात कॉलर की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्टेशन पर स्थिति सामान्य है।

Image 1 Image 2

Check Also

उ.प्र. माध्‍यमिक शिक्षक संघ ने घोषित किये छह एमएलसी प्रत्‍याशी, वाराणसी खंड से चेतनारायण सिंह होगे उम्‍मीदवार

गाजीपुर। उत्‍तर प्रदेश माध्‍यमिक शिक्षक संघ के बोर्ड की बैठक एमएलसी व संरक्षक राजबहादुर सिंह …