आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को निजामाबाद के विधायक रहे आलम बदी के आवास पर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी पार्टी युवाओं, छात्रों और किसानों के साथ खड़ी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव के लिए मतदान करेगी। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को छात्रों के आंदोलन की सफलता बताते हुए कहा कि यह युवाओं की पहली बड़ी जीत है। साथ ही आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को हर संभव सहायता देने की मांग की।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता और आरक्षण के साथ अन्याय का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी पेपर लीक का ऑडिट कर चुकी है और सरकार ने जानबूझकर भर्ती प्रक्रियाओं में देरी की। उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत विभिन्न मामलों में प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव की जरूरत है। प्राथमिक विद्यालयों के विलय, सरकारी स्कूलों की स्थिति और आधुनिक शिक्षा की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने एआई, इंटरनेट और नई तकनीक के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने की वकालत की। उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। अखिलेश यादव ने सरकार पर अवैध निर्माण के मामलों में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी शासनादेश के तहत जिन भवनों को नियमित किया जा सकता है, उसी आधार पर संबंधित विश्वविद्यालय को भी वैध किया जाना चाहिए। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद, पानी और सिंचाई की समस्या बनी हुई है तथा सरकार आवश्यक तैयारियां करने में विफल रही है। उन्होंने युवाओं पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए आंदोलनकारी छात्रों के साहस की सराहना की और कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….