वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के छात्र सृजन सिंह का इटली स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ बोलोनिया में पीएचडी के लिए चयन हुआ है। वह वहाँ भारत के प्लाइस्टोसीन कालीन जीवाश्मों (Pleistocene Fossils) का जैव-अण्विक (Biomolecular) अध्ययन विषय पर शोध करेंगे। इस शोध के माध्यम से भारत में प्लाइस्टोसीन काल के जीव-जंतुओं के वितरण (Faunal Distribution), उनके विकासक्रम तथा पर्यावरणीय परिवर्तनों के बारे में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त होंगी,उल्लेखनीय है कि सृजन सिंह काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग से 2025 में परास्नातक हैं और सहायक आचार्य (Assistant Professor) डॉ. जोस टॉम राफेल के मार्ग दर्शन में शोध हेतु तैयारी कर रहे थे। उनके इस चयन पर विभागाध्यक्ष प्रो. महेश प्रसाद अहिरवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया है 11वीं शताब्दी ईस्वी में स्थापित बोलोनिया विश्वविद्यालय दुनिया के शीर्ष संस्थानों में शुमार है। अत: यह विभाग के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि बीएचयू के साथ शैक्षणिक समझौता को अंतिम रूप दिया जा रहा है जिसकी स्वीकृति माननीय कुलपति प्रो अजित कुमार चतुर्वेदी जी से मिल चुकी है। सृजन के चयन पर विभाग के सभी शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….