लखनऊ। शिक्षण, अनुसंधान, शैक्षणिक नेतृत्व एवं संस्थागत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर के सात शिक्षकों को विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल द्वारा ‘अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार–2026’ से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को प्रशस्ति-पत्र (साइटेशन) एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार–2026 के लिए चयनित शिक्षक हैं—
- प्रो. वी. के. मिश्रा, प्रोफेसर, गणित एवं वैज्ञानिक संगणना विभाग
- प्रो. प्रभाकर तिवारी, प्रोफेसर, विद्युत अभियंत्रण विभाग
- डॉ. पल्लव गुप्ता, एसोसिएट प्रोफेसर, यांत्रिक अभियंत्रण विभाग
- डॉ. वीरेन्द्र कुमार, एसोसिएट प्रोफेसर, यांत्रिक अभियंत्रण विभाग
- डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग
- डॉ. हरीश चन्द्र, सहायक प्रोफेसर, गणित एवं वैज्ञानिक संगणना विभाग
- डॉ. रवि शंकर, सहायक प्रोफेसर, रासायनिक अभियंत्रण विभाग
पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को बधाई देते हुए कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने कहा, “अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार उच्च शिक्षा के मूल्यों के प्रति निरंतर समर्पण, नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान है। मैं सभी सात शिक्षकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देती हूँ। मुझे विश्वास है कि यह सम्मान उन्हें उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा तथा विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं शोधार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, शोध-उन्मुख और सामाजिक रूप से उत्तरदायी शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए उत्साहित करेगा।”

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….