गाजीपुर। जिले की सैदपुर पुलिस ने बुधवार की रात 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह पुलिस टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना सैदपुर के मुकदमा संख्या 41/2026 में वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी नगीना बनवासी सिकंदरपुर गांगी नदी स्थित बबुरहनी पुल के रास्ते आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। सीओ के अनुसार, आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी नगीना बनवासी (49) पुत्र स्व. बुधई बनवासी मूल रूप से बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर गांव का निवासी है। वर्तमान में वह करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के शेरमठ गांव में रह रहा था। पुलिस उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों की विवेचना के साथ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….