वाराणसी। जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर बाईपास पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाबतपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार आम लदी डीसीएम की चपेट में आने से हटिया (बसकडा) निवासी 65 वर्षीय छेदी लाल प्रजापति उर्फ घुरे लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके साथ मौजूद 35 वर्षीय बेटा काशी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह 4 बजे रोजी-रोटी के लिए पिता-पुत्र घर से निकले थे। मृतक के भाई भैया लाल ने बताया कि छेदीलाल प्रजापति दुकानों पर मिट्टी के कुल्हड़ बेचने का काम करते थे। रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 4:00 बजे वह अपने बेटे काशी के साथ कुल्हड़ लेकर दुकानदारों को देने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज गति डीसीएम ने उन्हें रौंद दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक छेदीलाल के दो बेटे थे। बड़े बेटे बनारसी (45 वर्ष) की तीन महीने पहले ही ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी, जिनके चार बच्चे हैं। अब इस हादसे में पिता की भी मौत हो गई और दूसरा बेटा काशी गंभीर रूप से घायल है। 10 लोगों के इस परिवार का भरण-पोषण अब कैसे होगा, इसे लेकर पत्नी दुर्गावती और दोनों बहुओं रामवती व आरती समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….