गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बुद्धवार को रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक सैदपुर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ₹50,000/- का इनामी अपराधी सादात की तरफ से गाजीपुर की ओर आ रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक सैदपुर द्वारा चौकी इंचार्ज भितरी व पुलिस टीम के साथ अहिरौली गांव के पास प्राइवेट आईटीआई पुरानी पिच रोड पर घेराबंदी की गई। सादात की तरफ से आते हुए उक्त अपराधी को जब रोकने का प्रयास किया गया, तो उसकी मोटरसाइकिल (अपाचे) स्लिप होकर गिर गई। खुद को घिरता देख अपराधी ने पुलिस पार्टी पर जान मारने की नीयत से लगातार 5-6 राउंड फायर किए। अंधेरे में पुलिस टीम बाल-बाल बची। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अपराधी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस टीम द्वारा उसे मौके पर गिरफ्तार कर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया। घायल/ गिरफ्तारशुदा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
घायल/गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता – संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द पुत्र बुची बिन्द ग्राम अकटहिया थाना मुहम्मदाबाद जनपद गाजीपुर हालपता – ग्राम बाकरबाद महराजगंज थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर उम्र करीब 38 वर्ष
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….