Breaking News

आजमगढ़: जमीनी विवाद में युवक की चाकू गोदकर हत्‍या

आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटात चक कटात गांव में जमीन से जुड़े विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार की देर शाम बारजा निकालने को लेकर दो पटीदारों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि चचेरे भाइयों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मोहन राम का अपने पटीदारों से घर के बारजा निकालने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार की शाम उसका अपने चचेरे भाई विजेंद्र राम (40) से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मोहन राम ने आपा खो दिया और विजेंद्र राम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल घायल विजेंद्र को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मोहन राम मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय और मेंहनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी मोहन राम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ भूपेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद हो चुका था, जिसे उस समय सुलझा लिया गया था। हालांकि, एक बार फिर विवाद उभरने पर मामला इतना बढ़ गया कि उसने हिंसक रूप ले लिया और एक व्यक्ति की जान चली गई। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

Image 1 Image 2

Check Also

उ.प्र. माध्‍यमिक शिक्षक संघ ने घोषित किये छह एमएलसी प्रत्‍याशी, वाराणसी खंड से चेतनारायण सिंह होगे उम्‍मीदवार

गाजीपुर। उत्‍तर प्रदेश माध्‍यमिक शिक्षक संघ के बोर्ड की बैठक एमएलसी व संरक्षक राजबहादुर सिंह …