Breaking News

संस्कृति पब्लिक स्कूल में हुआ विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 की विवरणिका का विमोचन, वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर जोर

लखनऊ। विज्ञान भारती, गोरक्ष प्रांत द्वारा संस्कृति पब्लिक स्कूल, दिव्य नगर गोरखपुर में विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) 2026-27 की विवरणिका विमोचन एवं जिला समन्वयकों की बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के जिला समन्वयकों, प्रधानाचार्यों, विद्यालय निदेशकों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) वाई. पी. कोहली, प्रांतीय अध्यक्ष, विज्ञान भारती, गोरक्ष प्रांत ने की। मुख्य अतिथि संजय जायसवाल, निदेशक, संस्कृति पब्लिक स्कूल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में शर्मिला सिंह, क्षेत्रीय समन्वयक (विद्यार्थी विज्ञान मंथन) एवं डॉ. ज्ञानती सिंह, प्रधानाचार्य, संस्कृति पब्लिक स्कूल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 की विवरणिका के विमोचन के साथ हुआ। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन डॉ० सत्यप्रकाश मौर्या ने दिया। इसके उपरांत अपने संबोधन में शर्मिला सिंह ने कहा कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय वैज्ञानिकों, उनके शोध कार्यों एवं भारत की वैज्ञानिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं में कार्य करने और विशेषज्ञ वैज्ञानिकों से सीखने का अवसर मिलता है। इस वर्ष अध्ययन सामग्री में भारतीय महिला वैज्ञानिकों के योगदान को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. (डॉ.) वाई. पी. कोहली ने कहा कि भारत की वैज्ञानिक परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है और विद्यार्थी विज्ञान मंथन नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने वैज्ञानिक सत्येन्द्र नाथ बोस सहित अनेक भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान का समन्वय विश्व के लिए नई संभावनाएं प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचानने और उसे सही दिशा देने पर बल दिया। मुख्य अतिथि संजय जायसवाल ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल पुस्तकीय ज्ञान से संभव नहीं है, बल्कि विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को व्यवहारिक रूप से सीखना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्कृति पब्लिक स्कूल सदैव ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले। डॉ. ज्ञानती सिंह ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को मजबूत करते हैं। अंत में डॉ. पल्लव गुप्ता, प्रांत समन्वयक (विद्यार्थी विज्ञान मंथन), विज्ञान भारती, गोरक्ष प्रांत ने सभी अतिथियों, जिला समन्वयकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने का एक राष्ट्रीय अभियान है। कार्यक्रम का संचालन दिव्या शुक्ला ने किया। इस अवसर पर राजीव कुमार श्रीवास्तव, डॉ० सत्यप्रकाश मौर्या, डॉ० प्रदीप कुमार सिंह, डॉ० पवन कुमार मल्ल, स्मृति खन्ना (प्रधानाचार्य, जयपुरिया स्कूल, पडरौना) सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, जिला समन्वयक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: सनबीम स्कूल महराजगंज के नन्हे विद्यार्थियों ने जिला कारागार में किया वृक्षारोपण

गाजीपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आज …