Breaking News

वाराणसी: अज्ञात हमलावर ने पत्‍थर से कूंचकर की व्‍यवसायी की हत्‍या, दो घायल

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के एक हमलावर ने एक के बाद एक तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। इस दौरान साड़ी का पत्ता काटने वाले रवि चौहान उर्फ पप्पू (42) की पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई, जबकि पान की दुकान चलाने वाले अशोक पासवान उर्फ बाबाजी (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। तीसरे घायल गणेशु कनौजिया (55) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वारदात हनुमान फाटक पुलिस चौकी से महज करीब 40 मीटर की दूरी पर हुई है। घटना शनिवार रात करीब तीन बजे की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में अबतक सामने आया है कि हमलावर नेशनल इंटर कॉलेज की ओर से हनुमान फाटक पुलिस चौकी की तरफ आने वाली गली में घुसा। सबसे पहले उसने घर के बाहर सो रहे अशोक पासवान पर ईंट-पत्थर से हमला किया। इसके बाद कुछ दूरी पर स्थित दुकान में सो रहे साड़ी कारीगर पप्पू पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी। भागते समय हमलावर ने घर के बाहर सो रहे गणेशु कनौजिया पर भी ईंट से वार किया और हनुमान फाटक पुलिस चौकी के सामने से भाग निकला। सुबह घटना की जानकारी होने पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एक साथ तीन लोगों पर हमला और एक की हत्या की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि पुलिस का फोकस हमलावर की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह पता लगाने पर है। मृतक पप्पू के परिजनों ने उसकी हत्या के पीछे दुकान मालिक का हाथ होने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक पप्पू अविवाहित था और हनुमान फाटक में घर के पास किराये की दुकान लेकर साड़ी का पत्ता काटने का काम करता था। दुकान खाली करने को लेकर उसका मकान मालिक से विवाद चल रहा था। परिजनों ने आशंका जताई कि इसी विवाद के चलते पप्पू की हत्या कराई गई। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।हमलावर ने तीन लोगों को अलग-अलग स्थानों पर निशाना क्यों बनाया और उसका पप्पू से क्या संबंध था, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: लंगूर का पोस्टर देखते ही लौट रहे बंदर, नंदगंज में परिवार का अनोखा प्रयोग बना चर्चा का विषय

गाजीपुर। नंदगंज बाजार में बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान एक परिवार ने उनसे बचाव …