Breaking News

गाजीपुर: बगीचे में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव

गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडेरा बुजुर्ग ग्राम पंचायत के श्रीपुर गांव में बुधवार सुबह उस समय शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया, जब गांव के पश्चिम स्थित एक बागीचे में 21 वर्षीय प्रिंस राय उर्फ धनजी का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों एवं परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान प्रिंस राय उर्फ धनजी पुत्र सुनील राय के रूप में हुई। ग्रामीणों ने तत्काल युवक को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलते ही भांवरकोल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।प्रिंस राय उर्फ धनजी, सुनील राय के तीन पुत्रों में दूसरे नंबर पर था। सबसे बड़े भाई प्रेम राय तथा सबसे छोटे भाई पियूष राय हैं। परिवार के होनहार बेटे की असमय मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया। पिता सुनील राय बेसुध हो गए, जबकि मां मंजू देवी का करुण विलाप सुनकर गांव का माहौल गमगीन हो उठा।ग्रामीणों ने बताया कि प्रिंस राय उर्फ धनजी अत्यंत कर्मठ, विनम्र और मेहनती स्वभाव का युवक था। वह कम उम्र में ही पिता के संघर्षों में कंधे से कंधा मिलाकर परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा था। उसकी असामयिक मृत्यु से पूरा श्रीपुर गांव शोक में डूब गया है। आखिर किन परिस्थितियों में उसने यह आत्मघाती कदम उठाया, इसका उत्तर फिलहाल किसी के पास नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Image 1 Image 2

Check Also

बीएचयू वेद विभाग के आचार्य की पुत्री की उपलब्धि पर कुलपति ने किया प्रोत्साहित

वाराणसी! काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के वेद विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नारायण प्रसाद भट्टराई की …