Breaking News

गाजीपुर: हरियाली अमावस्या पर धीतुवा में हुआ वृहद पौधारोपण, कृषि विज्ञान केंद्र आंकुशपुर के वैज्ञानिकों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गाजीपुर। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से ग्राम सभा धीतुवा, विकासखंड करंडा में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और अभियान से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन किया। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र आंकुशपुर, गाजीपुर-II के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. राम गोपाल के मार्गदर्शन में केंद्र के पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिंह, पादप प्रजनन वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र प्रताप, उद्यान वैज्ञानिक डॉ. शशांक सिंह, मृदा वैज्ञानिक डॉ. दीपक प्रजापति एवं डॉ. पंकज कुमार ने कार्यक्रम में सहभागिता की और पौधारोपण किया। इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तापमान और बदलती जलवायु परिस्थितियों के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना बेहद आवश्यक है। वृक्ष मृदा एवं जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। वैज्ञानिकों ने ग्रामीणों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल पौधों के चयन, उचित रोपण विधि तथा पौधों की प्रारंभिक अवस्था में सिंचाई और संरक्षण के संबंध में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के ऑनलाइन जुड़ने से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य पौधारोपण को जनअभियान का रूप देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना रहा। “एक पेड़ माँ के नाम” के संकल्प के साथ हरियाली बढ़ाएँ और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: जन-जन तक तिरंगा पहुंचाने के लिए डीएम ने वितरित राष्‍ट्रीय ध्‍वज

गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने एवं …