Breaking News

भारत विश्‍व की महाशक्ति बन चुका है, तीन वर्षो में बन जायेगा तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति- पूर्व राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद

वाराणसी। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि भारत विश्व की महाशक्ति बन चुका है। आने वाले तीन वर्षों में अपना देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन जाएगा। दुनिया में भारत की साख काफी बढ़ी है। रुस-यूक्रेन के बीच जारी जंग में सिर्फ भारत की बात सुनी गई। पूर्व राष्ट्रपति शुक्रवार को बीएचयू के अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र में आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी के उद्धाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। ‘शैक्षिक जगत के समक्ष उच्च शिक्षा में उभरती चुनौतियां’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि आज हम विश्वगुरु की बात करते हैं लेकिन मैं कहता हूं कि भारत तो विश्व की महाशक्ति बन चुका है। चाहे आप विश्व गुरु कहें या विश्व महाशक्ति कहें। पूरा विश्व भारत की इस आभा को पहचान रहा है। पूरी दुनिया को आभास है कि आने वाला समय भारत का ही है।रूस और यूक्रेन के बीच एक साल से ज्यादा समय से युद्ध चल रहा है। कोई एक दूसरे की बात सुनने के लिए कोई तैयार नहीं है। ऐसे माहौल में दोनों देशों ने किसी की बात सुनी तो सिर्फ भारत की बात सुनी। यह बहुत बड़ी बात है। मुझे नहीं लगता कि इतिहास में ऐसा कहीं हुआ होगा। दो देश युद्ध कर रहे हों और उनसे कहा जाए कि 24 घंटे के लिए सीजफायर कर दें। हमारे देश के 23 हजार बच्चे यूक्रेन में फंसे थे। सभी सकुशल 24 घंटे के अंदर वापस आ गए। भारत सरकार ने स्पेशल फ्लाइट भेजी और सभी को अपने देश ले आया गया। चार देश जो सीमा पर थे। भारत ने अपने बच्चों से कहा कि वह अपने आसपास के देशों की सीमा के पास जहां पहुंच सकते हैं पहुंचे। वहां पर हमारे एंबेसी के लोग मिलेंगे। तिरंगा केवल हमारा चिन्ह था। तिरंगा को देखकर आप आगे बढ़ते जाइए। अमेरिका और चाइना को विश्व महाशक्ति कहा जाता है। उन्होंने अपने छात्रों से कह दिया कि हम हेल्पलेस हैं। पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, मैं कहता हूं कि जब अमेरिका और चीन जैसे देशों ने हाथ खड़े कर दिए, ऐसी स्थिति में अगर भारत की बात सुनी गई हो तो फिर विश्वशक्ति कहने के लिए अभी आपको और कुछ कहना पड़ेगा और कुछ जोड़ना पड़ेगा। 

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: विधायक मन्नू अंसारी ने सपा नेताओं के साथ जखनियां विधानसभा में किया जनसंपर्क

गाजीपुर। विधायक मन्‍नू अंसारी के नेतृत्‍व में पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, सपा जिला उपाध्‍यक्ष आमीर …