Breaking News

भाजपा ने नौ उम्मीदवारों का किया एलान, नीरज त्रिपाठी होंगे प्रयागराज से लोकसभा प्रत्याशी

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की 10वीं सूची जारी कर दी है। सूची में नौ उम्मीदवारों का एलान कर दिया गया है। सूची में चंडीगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश की सात और पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार का एलान किया गया है। चंडीगढ़ से मौजूदा सांसद किरण खेर का टिकट काट दिया गया है। यहां से उनकी जगह पार्टी ने संजय टंडन पर भरोसा जताया है। इसके अलावा आसनसोल से पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया को उम्मीदवार बनाया गया है। यहां से पहले पार्टी ने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को टिकट दिया था। टिकट मिलने के 24 घंटे के अंदर ही पवन सिंह ने चुनावी मैदान से कदम पीछे खींच लिए थे। अहलूवालिया का मुकाबला टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा से होगा। सूची में सात उम्मीदवार उत्तर प्रदेश के हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह भाजपा उम्मीदवार होंगे। इसके अलावा बलिया से पार्टी ने नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया है। शेखर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे हैं और फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं।  प्रयागराज जिले की दोनों सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए गए हैं। मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और केसरी देवी पटेल को टिकट नहीं दिया गया है। इलाहाबाद सीट से नीरज त्रिपाठी को मौका दिया गया है। नीरज भाजपा के दिग्गज नेता रहे केसरी नाथ त्रिपाठी के बेटे हैं। केसरी नाथ पूर्व राज्यपाल और यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे थे। जिले की फूलपुर लोकसभा सीट से प्रवीण पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रवीण अभी फूलपुर से विधायक हैं। कौशांबी लोकसभा सीट से पार्टी ने एक बार फिर विनोद सोनकर को टिकट दिया गया है। सोनकर यहां से मौजूदा सांसद हैं। इसके अलावा मछलीशहर से बीडी सोनकर और गाजीपुर सीट से पारस नाथ राय को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। पारस का मुकाबला 2019 में बसपा के टिकट से जीते अफजाल अंसारी से होगा, अफजाल इस बार सपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं।

Image 1 Image 2

Check Also

राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 मई से शुरू

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाज़ीपुर में स्नातक प्रथम वर्ष- बीए /बीएससी फर्स्ट सेमेस्टर में …