गाजीपुर। पीजी कॉलेज परिसर में एनसीसी (नेवल विंग) के लिए चयन प्रक्रिया का आयोजन किया गया। मंगलवार को हुए इस चयन में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान 7 यूपी नेवल यूनिट एनसीसी बी. एच. यू. वाराणसी के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर निखिल वैश के साथ पेटी ऑफिसर सोनू यादव और पेटी ऑफिसर विक्रम सहित बटालियन के अन्य अधिकारी और स्टाफ भी मौजूद रहे। पीजी कॉलेज के एनसीसी नेवल विंग के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) S /Lt. प्रशांत कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष एन.सी.सी.( नेवल विंग) में प्रवेश के इच्छुक बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आए थे। चयन में शारीरिक दक्षता परीक्षण, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल रहे। अभ्यर्थियों की ऊंचाई, वजन, छाती का माप और दौड़ आदि की जांच की गई। S/Lt. प्रशांत कुमार सिंह ने आगे बताया कि एनसीसी नेवल विंग में चयनित कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और नौसेना से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना और व्यक्तित्व विकास को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि चयनित छात्रों को भविष्य में विभिन्न शिविरों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन ने चयन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। चयन प्रक्रिया के बाद योग्य अभ्यर्थियों की सूची जल्द जारी की जाएगी। डॉ. प्रशांत सिंह ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और इसमें भाग लेने वाले छात्र देश सेवा के लिए तैयार होते हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….