गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यालय समता भवन पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और द्वितीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष विन्देश्वरी प्रसाद मंडल की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंडल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही देश से आर्थिक और सामाजिक विषमता समाप्त करने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने मंडल के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि मोरारजी देसाई के कार्यकाल में 20 दिसंबर 1978 को मंडल की अगुवाई में एक नए आयोग का गठन हुआ। इस मंडल आयोग ने 12 दिसंबर 1980 को अपनी रिपोर्ट में पिछड़े वर्ग के लिए 27% आरक्षण की सिफारिश की। पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह ने इसे लागू किया। गोपाल यादव ने वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म करना चाहती है। यह सरकार लगातार पिछड़ा विरोधी कार्यों में लिप्त है। उन्होंने कहा यह सरकार लगातार संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी जातिगत जनगणना की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद,रामधारी यादव , डॉ नन्हकू यादव,,सूरज राम बागी, आत्मा यादव, सुनील यादव, जयराम भारती समेत कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….