वाराणसी। अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में मंगलवार को नवप्रवेशी बीटेक, बीसीए, बीबीए, बीकॉम एवं एमबीए के विद्यार्थियों के लिए सत्रहवें ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईआईटी बीएचयू के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. भास्कर बिस्वास रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर, अनुशासन और व्यावसायिक जीवन की आवश्यकताओं से परिचित कराना रहा। मुख्य अतिथि प्रो. भास्कर बिस्वास ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासित होना बेहद जरूरी है। छात्र जीवन में की गई गलतियों को शिक्षक समझकर माफ कर देते हैं, लेकिन व्यावसायिक जीवन में गलतियों की गुंजाइश काफी कम होती है। उन्होंने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में लगातार बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने मूलभूत ज्ञान को मजबूत रखने के साथ नई तकनीकों और बदलते परिवेश के साथ स्वयं को निरंतर अपडेट करना होगा। उन्होंने छात्रों को सीखने की जिज्ञासा बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन इं. अंकित मौर्या ने कहा कि अशोका इंस्टीट्यूट विद्यार्थियों को उनके करियर के लिए आवश्यक मंच, बेहतर वातावरण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संस्थान में प्रवेश के साथ विद्यार्थियों की जिम्मेदारियां भी बदलती हैं। सफलता के लिए स्किल, एटीट्यूड और आत्मविश्वास को विकसित करना आवश्यक है। वाइस चेयरमैन डॉ. अमित मौर्या ने संस्थान की उपलब्धियों एवं विकास यात्रा की संक्षिप्त जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की। कार्यक्रम का स्वागत भाषण डायरेक्टर अशोका डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने दिया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। डायरेक्टर फार्मेसी डॉ. बृजेश सिंह एवं डीन एकेडमिक डॉ. एस.के. शर्मा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मौलश्री भण्डारी एवं रचना सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीन सीएसई डॉ. एल.एस. मौर्य ने किया। इस मौके पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर इं. एस.एस. कुशवाहा, रजिस्ट्रार इं. असीम देव सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….