वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के Institute of Agricultural Sciences (IAS-BHU) के निदेशक प्रो. वी.के. मिश्रा ने बी.एससी. एग्रीकल्चर 2022 बैच के छात्र अभिनव दुबे को प्रतिष्ठित Erasmus Mundus SUSTAGRI Programme में चयनित होने पर सम्मानित किया। अभिनव का चयन विश्वभर से चुने गए 30 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में हुआ है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भारत से केवल दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर प्रो. वी.के. मिश्रा ने अभिनव को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता Institute of Agricultural Sciences एवं काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। कार्यक्रम के अंतर्गत अभिनव को यूरोप के विभिन्न देशों में अध्ययन का अवसर मिलेगा। उनकी शैक्षणिक यात्रा स्पेन से प्रारंभ होकर पुर्तगाल और ग्रीस तक जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में चयन उनकी प्रतिभा, मेहनत और कृषि क्षेत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अभिनव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, मित्रों एवं IAS-BHU के शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने बताया कि विदेश से उच्च शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करने के बाद उनका उद्देश्य भारत तथा विशेष रूप से मिर्जापुर के किसानों की समस्याओं के समाधान में योगदान देना है। अभिनव की यह उपलब्धि IAS-BHU के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है और यह दर्शाती है कि विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। IAS-BHU परिवार अभिनव दुबे को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक यात्रा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….