गाज़ीपुर । राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज 27 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं मेरा युवा भारत (MY Bharat) ग़ाज़ीपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशन में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल सिर्फ मेडल प्राप्त करने का माध्यम नहीं है बल्कि युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11:00 बजे माननीय प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से हुई, जिसका देशभर के जनपदों में एक साथ प्रसारण किया गया। इस अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का स्वागत संबोधन तथा राष्ट्रीय खेल दिवस पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल आइकन अंजनी वर्मा एवं SAI प्रतिनिधि के रूप में एथलीट विजय ने छात्राओं के साथ अपने अनुभव एवं संघर्षों को साझा किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरिता अग्रवाल ने कहा कि नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियाँ हमें सक्रिय और स्वस्थ रखने के साथ-साथ तनाव को कम करने में भी सहायक होती हैं। इसी दौरान युवा संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी छात्राएं आकांक्षा सिंह रिया एवं दिव्या ने नए युग के युवा में स्वयंसेवा भावना की परिकल्पना विषय पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि आज के युवा को समाज सेवा से जोड़ने हेतु नई स्किल्स एवं डिजिटल माध्यम को अपनाया जाने की आवश्यकता है । आज का युवा न सिर्फ भौतिक रूप से बल्कि ऑनलाइन माध्यम से भी समाज में रचनात्मक भूमिका अदा कर सकता है। स्वयंसेवी छात्राओं की सराहना करते हुए प्राचार्य शंभू शरण प्रसाद ने कहा कि खेल हमारे शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। जिस प्रकार शिक्षा हमारे ज्ञान का विकास करती है, उसी प्रकार खेल हमारे व्यक्तित्व को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम में माय भारत पोर्टल के सदस्यों ने छात्राओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करने हेतु जानकारी दी । कार्यक्रम का समापन नशा मुक्ति संबंधी शपथ एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। मंच संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी द्वारा किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी, डॉ मनीष सोनकर एवं डॉ ओम शिवानी ने कार्यक्रम के आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय कल्याण अधिकारी आंचल वर्मा, माय भारत गाजीपुर से सुभाष जी, महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिवकुमार सहित अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….