Breaking News

गाजीपुर: शिक्षक दिवस पर 400 शिक्षकों को चयन वेतनमान का तोहफा, उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित

गाजीपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद गाजीपुर में शिक्षकों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद गोरखपुर से राज्य पुरस्कार हेतु चयनित शिक्षकों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती सरिता अग्रवाल ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।  उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती उपासना रानी वर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभाग द्वारा शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि चयन वेतनमान के लंबित आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण करते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर लगभग 400 शिक्षकों के चयन वेतनमान संबंधी आदेश निर्गत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के हित में यह महत्वपूर्ण कार्य करते हुए उन्हें विशेष प्रसन्नता एवं संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग शिक्षकों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एलडीएम, रीजनल मैनेजर, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी सदर, जिला समन्वयक अनुपम गुप्ता, सर्वजीत यादव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन डॉ दुर्गेश प्रताप सिंह द्वारा किया गया।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: शिक्षक समाज को दिशा प्रदान करता है इसलिए वह राष्ट्र निर्माता होता है- प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन …