लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर में आगामी 21 एवं 22 नवंबर, 2026 को आयोजित होने वाले पुरातन छात्र सम्मेलन (Alumni Meet–2026) को भव्य, गरिमामय एवं यादगार बनाने के लिए तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। यह सम्मेलन विश्वविद्यालय के गौरवशाली अतीत, वर्तमान उपलब्धियों तथा उज्ज्वल भविष्य को एक सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र-छात्राओं को अपने मातृ संस्थान से पुनः जुड़ने, पुरानी स्मृतियों को साझा करने तथा संस्थान की प्रगति में सक्रिय सहभागिता का अवसर प्राप्त होगा। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, पुरातन छात्र संबंध (Dean, Alumni Relations) प्रो. बी.के. पांडेय की अध्यक्षता में दिनांक 31 अक्टूबर, 2026 को सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा हेतु एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी समितियों के संयोजकों ने उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों के सापेक्ष अब तक की गई तैयारियों, व्यवस्थाओं की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना से अधिष्ठाता को अवगत कराया। बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आयोजन को सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं प्रभावशाली बनाने पर विशेष बल दिया गया। इस वर्ष के पुरातन छात्र सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के वर्ष 1983 बैच के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के गौरवशाली पुरातन छात्र रिलायंस जिओ के अध्यक्ष इंजीनियर उदय कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। वहीं, विशिष्ट अतिथियों के रूप में वर्ष 1990 बैच के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पुरातन छात्र एवं मैनेजिंग डायरेक्टर AECOM इंजीनियर डाक्टर संजय गंभीर तथा 1990 बैच के ही पुरातन छात्र इंजीनियर मोहम्मद अशफाक डायरेक्टर NGSL भी सहभागिता करेंगे। सम्मेलन को लेकर पुरातन छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह एवं आकर्षण देखने को मिल रहा है। अब तक 70 से अधिक पुरातन छात्र-छात्राएँ सम्मेलन में सहभागिता हेतु अपना पंजीकरण करा चुके हैं। उम्मीद है कि आगामी दिनों में पंजीकरण की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा देश-विदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों, शैक्षणिक संगठनों एवं उद्योगों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत विश्वविद्यालय के अनेक पुरातन छात्र इस आयोजन में सम्मिलित होंगे। पुरातन छात्र सम्मेलन केवल पुनर्मिलन अथवा पुरानी यादों को ताजा करने का अवसर मात्र नहीं है, बल्कि यह विश्वविद्यालय और उसके पुरातन छात्रों के बीच आजीवन संबंधों को सुदृढ़ करने, ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान, शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग, उद्योग-अकादमिक सहभागिता तथा वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन का एक सशक्त मंच भी है। विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता एवं उपलब्धियों से विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे पुरातन छात्र संस्थान के वास्तविक ब्रांड एंबेसडर हैं। उनके अनुभव, विशेषज्ञता, नेटवर्क एवं मार्गदर्शन से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार, उद्यमिता तथा संस्थागत विकास को नई दिशा एवं गति मिल सकती है। साथ ही, वर्तमान विद्यार्थियों को अपने वरिष्ठों से प्रेरणा प्राप्त करने, करियर संबंधी मार्गदर्शन हासिल करने तथा भविष्य के अवसरों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। सम्मेलन को यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि सम्मेलन में पधारने वाले सभी पुरातन छात्र-छात्राओं का स्वागत एक स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं आत्मीय वातावरण में किया जाए। समीक्षा बैठक में प्रो. एस.पी. सिंह (अध्यक्ष, स्टेज समिति), प्रोफेसर दयाशंकर सिंह ( अध्यक्ष प्रेस एवं मीडिया समिति), प्रो. प्रभाकर तिवारी (उपाध्यक्ष, मदन मोहन मालवीय एलुमनी संगठन), प्रो. संजय मिश्रा, प्रो. राजन मिश्रा, प्रोफेसर पल्लव गुप्ता, हॉस्पिटैलिटी कमेटी, कोषाध्यक्ष डॉ. हरिश्चंद्र, डॉ. ज्योति, डॉ. सुनील कुमार यादव, डॉ. विपुल नारायण, तथा मालवीय एलुमनी संगठन के पूर्व अध्यक्ष इंजीनियर जे.वी. राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय का यह प्रयास है कि पुरातन छात्र सम्मेलन–2026 को महज एक औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे विश्वविद्यालय और उसके पुरातन छात्रों के बीच स्थायी सहयोग, सहभागिता एवं साझेदारी का एक सशक्त आधार बनाया जाए। यह सम्मेलन अतीत की गौरवशाली स्मृतियों को वर्तमान की उपलब्धियों से जोड़ते हुए भविष्य की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। निश्चित रूप से, पुरातन छात्रों का अनुभव, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….