वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद द्वारा आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय हॉकी (पुरुष) प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले मुकाबले में संबलपुर विश्वविद्यालय ने उत्कल विश्वविद्यालय को 5–1 गोल से हराया। दिन के दूसरे मुकाबले में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने रांची विश्वविद्यालय ने को 8–3 गोल से पराजित किया। वहीं, दिन के तीसरे मुकाबले में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय ने मणिपुर विश्वविद्यालय को 6–0 गोल से हराया। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद, बीएचयू द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसमें पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देना, युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना तथा खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क को प्रोत्साहित करना है। आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़े संघर्ष और रोमांचक खेल की उम्मीद है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह, महासचिव प्रो. ए. के. नेमा के साथ डॉ. प्रदीप खलखो, डॉ. जेपी सिंह, डॉ. बृज किशोर प्रसाद, डॉ. प्रमोद यादव, डॉ. हरि राम यादव, डॉ. धीरेंद्र तिवारी, डॉ. शैलेश कुमार और डॉ. वैभव राय , डॉ.सर्वेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में एस.आर.के. टीम के सदस्य गौरव मिश्रा, पूजा यादव, राहुल वर्मा, अभिनव तिवारी, आदर्श, दिलीप सहित अन्य सदस्यों का भी योगदान रहा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….