वाराणसी। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार नेशनल फार्मेसी वीक 2026 के अंतर्गत अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के फार्मेसी विभाग की ओर से गौराकला और शंकरपुर गांव में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, औषधियों के जिम्मेदार उपयोग तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के बढ़ते खतरे से परिचित कराना और एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक एवं गलत इस्तेमाल से बचने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से समझाया कि चिकित्सक की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है। साथ ही, स्वच्छ वातावरण और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर फार्मेसी विभाग के निदेशक डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देश पर नेशनल फार्मेसी वीक मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से विभिन्न शैक्षणिक एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।कार्यक्रम में असिस्टेंट प्रोफेसर सोमेंद्र कुमार मौर्य, सिशांत राव दिव्य, विशाल श्रीवास्तव, सोनम पटेल, प्रीत कौर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….