गाजीपुर: डेंटल सर्जन डा. अंकेश सेठ ने रचा इतिहास, सर्जरी के माध्यम से जबड़े के हड्डी में बने सिस्ट को निकाला
2 hours ago
ग़ाज़ीपुर, ब्रेकिंग न्यूज़, स्वास्थ्य
गाजीपुर। दांतो की जटिल बीमारियो के उपचार में दांत को सुरक्षित बचाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। खासकर तब, जब बीमारी दांत के आसपास की हड्डी तक पहुंच चुकी हो। ऐसा ही एक जटिल स्थिति में नाउट्रीट अस्पताल ग्रुप सैदपुर के निदेशक एवं डेंटल सर्जन डा. अंकेश सेठ ने 15 वर्षीय किशोर के जबड़े की हड्डी में बने सिस्ट को सर्जरी के माध्यम से निकालने में सफलता हासिल की। इस दौरान किशोर के दांत को सुरक्षित रखा है। लंबे समय से असहनीय दर्द झेल रहे प्रिंस को अब राहत मिली है और वह सामान्य रूप से भोजन भी कर पा रहा है। 15 वर्षीय प्रिंस राय के मसूड़ों के आसपास लंबे समय से तेज दर्द बना रहता था। दर्द के कारण उसे ठोस चीजें खाने में भी परेशानी होती थी। समस्या लगातार बढ़ने पर परिजन उसे लेकर डॉ. अंकेश सेठ के पास पहुंचे। प्रारंभिक जांच में दांत में कोई स्पष्ट समस्या सामने नहीं आई। इसके बाद बीमारी की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए जबड़े की जांच और बायोप्सी कराई गई। जांच में दाहिने जबड़े की हड्डी के भीतर सिस्ट होने का पता चला। इसके बाद डॉ. अंकेश सेठ ने अपनी टीम के साथ उपचार शुरू किया। इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती हड्डी के भीतर बने सिस्ट को निकालने के साथ ही किशोर के दांत को किसी तरह का नुकसान पहुंचने से बचाना था। चिकित्सकीय टीम ने सावधानीपूर्वक सर्जरी की और सिस्ट को निकाल दिया। डॉ. सेठ के अनुसार, पूरी प्रक्रिया के दौरान दांत को छुआ तक नहीं गया, जिससे वह सुरक्षित रहा। सर्जरी के बाद प्रिंस को लंबे समय से परेशान कर रहे दर्द से राहत मिली है। अब वह पहले की तरह भोजन कर पा रहा है। इस उपचार से न केवल उसे दर्द से निजात मिली, बल्कि कम उम्र में दांत को नुकसान पहुंचने की आशंका भी दूर हुई। डॉ. अंकेश सेठ ने बताया कि जबड़े की हड्डी के भीतर बने सिस्ट को निकालना एक जटिल प्रक्रिया थी। ऐसे मामलों में बीमारी का सही आंकलन करने के साथ ही सर्जरी के दौरान आसपास के दांतों और ऊतकों को सुरक्षित रखना बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में सिस्ट को निकालते समय किशोर के दांत को पूरी तरह सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि नाउट्रीट अस्पताल ग्रुप के माध्यम से सैदपुर और वाराणसी सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को दंत चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से मरीजों के दांतों का उपचार करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित रखने पर जोर देना है। वहीं अपने दांत के बचने पर प्रिंस व उसके परिजनों ने डॉ अंकेश सहित पूरी नाउट्रीट अस्पताल टीम का आभार जताया है।