Breaking News

धूमधाम के साथ 25 नवंबर को मनाया जायेगा लखनऊ विश्‍वविद्यालय का 106वां स्‍थापना दिवस

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय अपने गौरवमयी इतिहास का 106वाँ स्थापना दिवस आगामी 25 नवंबर 2026 को अत्यंत धूमधाम और भव्यता के साथ मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक उत्सव की तैयारियों और कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आज कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 20 से 25 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाले स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत विविध शैक्षणिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने विश्वविद्यालय की शताब्दियों पुरानी गौरवशाली विरासत को संजोने और युवा पीढ़ी को इससे जोड़ने के लिए स्थापना काल से लेकर अब तक की महत्वपूर्ण घटनाओं, मील के पत्थरों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करती एक विशेष ऐतिहासिक गैलरी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। कुलपति जेपी सैनी ने बताया कि “लखनऊ विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कृति, शोध और राष्ट्र निर्माण की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। 106वाँ स्थापना दिवस हमारी ऐतिहासिक विरासत, शैक्षणिक उपलब्धियों और संस्थान के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को उत्सव के रूप में मनाने का अवसर है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हम विद्यार्थियों में विश्वविद्यालय के इतिहास के प्रति गर्व, अपनी विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूकता और भविष्य के लिए नवाचार एवं उत्कृष्टता की भावना को प्रोत्साहित करना चाहते हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, पूर्व विद्यार्थी एवं संबद्ध महाविद्यालय मिलकर इस समारोह को गरिमामय, प्रेरणादायी और अविस्मरणीय बनाएंगे।”

समारोह के सफल संयोजन हेतु समितियों का गठन:

स्थापना दिवस और एलुमनाई मीट के गरिमामयी व सुचारू आयोजन के लिए कुलसचिव कार्यालय द्वारा विधिवत समितियों का गठन कर दायित्व सौंपे गए हैं:

केंद्रीय आयोजन समिति: प्रो. पूनम टंडन को समिति का अध्यक्ष (Chairman) तथा प्रो. ध्रुव सेन सिंह (भूगर्भ विज्ञान विभाग) को संयोजक (Convener) बनाया गया है। समिति में प्रो. सतेंद्र पाल सिंह, प्रो. आनंद विश्वकर्मा, प्रो. विनीत कुमार वर्मा, प्रो. संगीता साहू एवं प्रो. अमिता कन्नौजिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

विशिष्ट कार्य समितियां:

अनुशासन व्यवस्था हेतु प्रो. राकेश द्विवेदी (चीफ प्रॉक्टर एवं प्रॉक्टोरियल बोर्ड)

मंच सज्जा हेतु प्रो. अनूप कुमार भारतीय

तकनीकी व्यवस्था हेतु प्रो. पुनीत मिश्रा

परिसर सजावट हेतु प्रो. विनीत कुमार वर्मा

उद्यान एवं स्वच्छता हेतु डॉ. शुभम आलम

भोजन व्यवस्था हेतु प्रो. डी.के. सिंह व प्रो. सुधीर मेहरोत्रा

स्वयंसेवक समिति हेतु डॉ. किरण लता डंगवाल व डॉ. रजनीश यादव

सांस्कृतिक समिति हेतु प्रो. अंचल श्रीवास्तव व प्रो. मोनिषा बनर्जी

प्रचार-प्रसार एवं आईपीपीआर (Publicity & IPPR) हेतु प्रो. गीतांजलि मिश्रा व प्रो. मुकुल श्रीवास्तव

स्टेज मैनेजमेंट हेतु प्रो. हिमांशु सेन व प्रो. ममता तिवारी

इसके अतिरिक्त वित्त अधिकारी एवं कुलसचिव भी व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे।

स्थापना दिवस सप्ताह (20 से 25 नवंबर) की प्रमुख गतिविधियां:

बैठक के निर्णयानुसार 20 से 25 नवंबर तक विश्वविद्यालय के समस्त विभागों के साथ-साथ लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध पाँचों जिलों के महाविद्यालय भी विविध शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करेंगे।

हेरिटेज वॉक: विद्यार्थियों को परिसर की ऐतिहासिक इमारतों व समृद्ध विरासत से रूबरू कराने हेतु हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा।

विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी: छात्रों के नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों की सहभागिता से भव्य प्रदर्शनी लगेगी।

क्रिकेट मैच: लखनऊ विश्वविद्यालय एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में पुरातन छात्रों (एलुमनाई) और वर्तमान अध्ययनरत विद्यार्थियों के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेला जाएगा।

सांस्कृतिक संध्या व सम्मान समारोह: 24 नवंबर को स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे तथा विश्वविद्यालय के विशिष्ट शैक्षणिक योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। 25 नवंबर को मुख्य समारोह के दिन मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ देश-विदेश में संस्थान का मान बढ़ाने वाले प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों (एलुमनाई) को सम्मानित किया जाएगा।

 

 

Image 1

Check Also

गाजीपुर: राष्‍ट्रीय विकास एवं सामाजिक सेवा क्षेत्र में कार्य करने वाले पुरूष-महिला को विवेकानंद युथ एवार्ड से किया जायेगा सम्‍मानित, आवेदन जारी

गाजीपुर। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया है कि वित्तीय वर्ष …