Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट राघव बाजपेयी ने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा पास कर बने सैन्य अधिकारी

लखनऊ। 64 यूपी बटालियन एनसीसी, लखनऊ विश्वविद्यालय के कैडेट व लखनऊ विश्वविद्यालय के बी एस. सी. तृतीय वर्ष ( भौतिक विज्ञान स्टेटसटिक्स ) के छात्र राघव बाजपेयी ने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा–द्वितीय, 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 229वीं रैंक प्राप्त कर सेना में कमीशन अधिकारी के रूप में चयनित हो कर बटालियन व लखनऊ विश्वविद्यालय एवं अपने परिवार का नाम गौरवान्वित किया। कैडेट राघव बाजपेयी को 20 अप्रैल 2026 को 32 सेवा चयन बोर्ड, जालंधर में आयोजित सेवा चयन प्रक्रिया के दौरान अनुशंसित किया गया। उनका चयन गैर-तकनीकी प्रवेश श्रेणी के अंतर्गत हुआ। यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास, दृढ़ इच्छाशक्ति तथा भारतीय सशस्त्र सेनाओं में सेवा करने के उनके संकल्प का परिणाम है। सेवा चयन बोर्ड की कठिन चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त करना उनकी नेतृत्व क्षमता, मानसिक दृढ़ता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्वयं को सिद्ध करने की क्षमता को दर्शाता है। कैडेट राघव बाजपेयी इससे पूर्व भी राष्ट्रीय स्तर की रक्षा प्रवेश परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय रक्षा अकादमी–153वीं प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 501वीं रैंक तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी–154वीं प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 566वीं रैंक के साथ सेवा चयन के लिए अनुशंसित किया गया था। लगातार विभिन्न रक्षा प्रवेश परीक्षाओं में अनुशंसित होना कैडेट राघव बाजपेयी की निरंतरता, दृढ़ संकल्प और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। उनकी उपलब्धि एनसीसी कैडेटों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है तथा यह संदेश देती है कि अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास के माध्यम से बड़े से बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। 64 यूपी बटालियन एनसीसी, लखनऊ विश्वविद्यालय के लिए कैडेट राघव बाजपेयी की यह उपलब्धि गर्व का विषय है। उनकी सफलता ने न केवल बटालियन और विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है, बल्कि अन्य कैडेटों को भी भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया है। इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के यसस्वी कुलपति प्रो. जय प्रकाश शैनी ने उनको बधाई प्रेषित की साथ ही 64 बटालियन के असोसिएट एनसीसी ऑफिसर ले. ( डॉ ) रजनीश कुमार यादव ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी, साथ ही 64 यू पी एनसीसी बटालियन की ओर से कमान अधिकारी कर्नल अंश गुप्ता व ऐडम ऑफिसर कर्नल अनिमेष राय कैडेट राघव बाजपेयी को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।

Image 1 Image 2

Check Also

​लखनऊ विश्वविद्यालय के शोधार्थी सत्यान्श वर्मा ने UPSC CAPF में हासिल की AIR 85

​लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के PhD शोधार्थी सत्यान्श वर्मा ने UPSC CAPF परीक्षा में ऑल इंडिया …