गाजीपुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दिए जाने की घोषणा का नंदगंज बाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं ने स्वागत किया है। महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए इस पहल को रक्षाबंधन के अवसर पर मातृ शक्ति के लिए बड़ी सौगात बताया। सरकार की घोषणा के अनुसार 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को सभी आयु वर्ग की महिलाओं तथा उनके साथ एक सहयोगी को भी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की गई है। इस निर्णय से नंदगंज तथा आसपास के गांवों की महिलाओं में खुशी का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का पर्व है। ऐसे अवसर पर सरकार की ओर से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें अपने मायके अथवा भाई के घर जाने में काफी सहूलियत होगी और यात्रा का खर्च भी बचेगा। क्षेत्र की महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार द्वारा दी गई यह सुविधा विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होगी, जिन्हें पर्व पर दूर-दराज के क्षेत्रों में यात्रा करनी पड़ती है। महिलाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी महिलाओं को ध्यान में रखते हुए इसी तरह की योजनाएं जारी रहेंगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….