Breaking News

गाजीपुर: 1 से 14 सितंबर तक मनाया जायेगा साक्षरता पखवाड़ा- बीएसए

गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाजीपुर द्वारा जनपद में 01 सितम्बर से 14 सितम्बर 2026 तक उल्लास साक्षरता पखवाड़ा मनाए जाने के संबंध में समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। पखवाड़े के दौरान 08 सितम्बर 2026 को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस का आयोजन जनपद, विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर पर किया जाएगा। उल्लास साक्षरता पखवाड़े के अंतर्गत 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के असाक्षर व्यक्तियों तथा वॉलंटियर्स का सर्वेयर के माध्यम से चिन्हांकन किया जाएगा। साथ ही सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु कार्यशालाएं, संगोष्ठियां एवं सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पखवाड़े के दौरान परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, ग्राम प्रधानों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से साक्षरता रैली, प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं द्वारा साक्षरता संबंधी नारों के साथ जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विद्यालयों में प्रार्थना स्थल पर छात्र-छात्राओं को साक्षरता के महत्व की जानकारी देते हुए अपने घर एवं आसपास के असाक्षर व्यक्तियों को नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए “जन-जन साक्षर” (Jan Jan Sakshar) तथा “ULLAS – Understanding of Lifelong Learning for all in Society” के संदेश के साथ पोस्टर, पम्पलेट एवं दीवारों पर पेंटिंग आदि के माध्यम से जनजागरूकता की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित विद्यालयों में 01 से 14 सितम्बर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियो क्लिपिंग सुरक्षित रखी जाए तथा 08 सितम्बर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोह का आयोजन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: जिलाध्‍यक्ष ओमप्रकाश राय ने बूथों पर कार्यकर्ताओं के संग सुनी प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को …