Breaking News

लखनऊ विश्वविद्यालय: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आयोजित हुआ विशेष व्‍याख्‍यान

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आज ‘ऑपरेशन सिंदूर’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। आज के कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेटों को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, सैन्य रणनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्य और समर्पण की भावना से परिचित कराना था। कार्यक्रम का संचालन मेजर (प्रो.) किरण लता डंगवाल द्वारा किया गया जिन्होंने कार्यक्रम के महत्व व इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला साथ ही ऑपरेशन सिंदूर का क्या महत्व है किस प्रकार से एनसीसी के कैडेट्स और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी इससे देश भावना को समझ सकते है को बताया। कार्यक्रम की सुरुवात लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य कुलानुशासक प्रो. राकेश द्विवेदी द्वारा किया गया, उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी, मुख्य वक्ता लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार पी. वी. एस. एम., यू.वाई. एस. एम., ए. वी. एस. एम. एनसीसी के उप महानिदेशक (DDG) ब्रिगेडियर अमित कुमार चांद शौर्य चक्र, कमांडिंग ऑफिसर (CO) कर्नल ए. के. गुप्ता, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अनिमेष राय तथा उपस्थित अन्य सैन्य अधिकारियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। ततपश्चात लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने अपने संबोधन में कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने इस प्रकार के विशेष व्याख्यानों को विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेटों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कैडेटों को कार्यक्रम से अधिकतम ज्ञान और प्रेरणा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार  पी. वी. एस. एम., यू.वाई. एस. एम., ए. वी. एस. एम. ने अपने संबोधन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के कारणों, उसकी तैयारी तथा सफल क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अभियान की पृष्ठभूमि, रणनीतिक योजना, आवश्यक तैयारियों, विभिन्न स्तरों पर समन्वय तथा सैन्य अभियानों के संचालन में प्रभावी निर्णय लेने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि किसी भी सैन्य अभियान की सफलता के लिए सुनियोजित रणनीति, अनुशासन, तत्परता, आपसी समन्वय और दृढ़ संकल्प महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अपने संबोधन के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने एनसीसी कैडेटों के साथ संवाद भी किया। उन्होंने कैडेटों के प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं पर चर्चा करते हुए सैन्य जीवन, नेतृत्व, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के महत्व को समझाया। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और समर्पण की भावना विकसित करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुभवों एवं विचारों ने उपस्थित कैडेटों को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली और सैन्य नेतृत्व के विभिन्न पहलुओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में लेफ्टिनेंट (डॉ.) रजनीश कुमार यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए माननीय कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी, मुख्य वक्ता लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार, ब्रिगेडियर अमित कुमार चांद, कर्नल ए. के. गुप्ता, लेफ्टिनेंट कर्नल अनिमेष राय, कर्नल अनिल शर्मा, लेफ़्टिनेंट कर्नल नीरज गहलोत तथा उपस्थित अन्य सैन्य अधिकारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों, आयोजकों एवं एनसीसी कैडेटों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: हवाई प्रदर्शनी के लिए अंधऊ हवाई पट्टी के क्षेत्र में जारी हुआ नो फ्लाइंग जोन

गाजीपुर। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वाराणसी के नमो घाट पर दिनांक …