गाज़ीपुर। स्वच्छ भारत-स्वच्छ विद्यालय अभियान के अंतर्गत शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, गाज़ीपुर में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्री-प्राइमरी, प्राइमरी तथा सीनियर विंग में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा विविध प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रार्थना सभा में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। सीनियर विंग में कक्षा 6 के छात्र प्रखर त्रिपाठी एवं आयांश श्रीवास्तव ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “वैष्णव जन तो तेने कहिए” एवं “रघुपति राघव राजा राम” जैसे भजनों ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय एवं प्रेरणादायी वातावरण से सराबोर कर दिया। सीनियर विंग में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने कहा कि एक आदर्श शिक्षक अपने आचरण एवं व्यवहार से विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने शिक्षकों से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सादगी एवं स्वच्छता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा विद्यार्थियों तक पहुँचाने का आह्वान किया। प्राइमरी ब्लॉक में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय की निदेशिका डॉ. मीना अधमी ने कहा कि सत्य, अहिंसा, अनुशासन और स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही एक बेहतर समाज और राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को छोटे-छोटे सकारात्मक कार्यों के माध्यम से समाज में परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी, निदेशिका डॉ. मीना अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उप-प्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराया।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….