लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में छात्र क्रिया कलाप परिषद के अंतर्गत संचालित छात्र क्लब द सोशल इंजीनियर्स बोर्ड द्वारा आयोजित दो दिवसीय छात्र उत्सव ‘आगमन ’26’ के प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों के करियर एवं व्यक्तित्व विकास को केंद्र में रखते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिवस का प्रमुख आकर्षण ‘दृश्या ’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों को करियर निर्माण एवं भविष्य की चुनौतियों को लेकर अनुभवी वक्ताओं का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने की । इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री अभिनव गोपाल, आईएएस, उपाध्यक्ष, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, तथा विशिष्ट अतिथि इं•नितेश गौतम, सीनियर डायरेक्टर, सिनॉप्सिस इंक. उपस्थित रहे। नितेश गौतम एमएमएमयूटी के 2001 बैच के पूर्व छात्र हैं। इस अवसर पर प्रो. बी.के. पांडेय, अध्यक्ष, छात्र क्रियाकलाप परिषद, डॉ. राजन मिश्र, उपाध्यक्ष, छात्र क्रियाकलाप परिषद, डॉ. पल्लव गुप्ता, संकाय सलाहकार, तकनीकी उप परिषद, तथा डॉ. रोहित बाबू, संकाय प्रभारी, द सोशल इंजीनियर्स बोर्ड, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।कार्यक्रम के शुभारंभ में प्रो. बी.के. पांडेय, अध्यक्ष, छात्र क्रियाकलाप परिषद ने मंचासीन गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। तत्पश्चात डॉ. राजन मिश्रा, उपाध्यक्ष, छात्र क्रियाकलाप परिषद ने तकनीकी उप परिषद ke के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद डॉ. पल्लव गुप्ता, संकाय सलाहकार, तकनीकी उप परिषद ने ‘आगमन ’26’ के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का परिचय प्रस्तुत किया।विशिष्ट अतिथि इं• नितेश गौतम ने एआई के दौर की चुनौतियों के बीच इंजीनियरिंग के चार वर्षों का सार्थक उपयोग करने एवं अर्जित ज्ञान को करियर से जोड़ने पर बल दिया। मुख्य अतिथि इं• अभिनव गोपाल ने प्रयोगधर्मिता, अपने जीवन की जिम्मेदारी स्वयं लेने एवं स्वतंत्र रूप से कार्य करने को सफलता की यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जुड़े रहने का संदेश दिया। वहीं, कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने ‘ब्रांचलेस इंजीनियरिंग’ की अवधारणा पर बल देते हुए विद्यार्थियों को शाखा की सीमाओं से आगे बढ़कर ज्ञान, कौशल एवं समग्र व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रोहित बाबू, संकाय प्रभारी, द सोशल इंजीनियर्स बोर्ड ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम का सफल समापन किया।कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए शाखा-विशिष्ट मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी कौशल के संबंध में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग के प्रारंभिक चरण से ही अपने करियर की दिशा समझने और उसके अनुरूप तैयारी करने के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन को सफल बनाने में द सोशल इंजीनियर्स बोर्ड के अध्यक्ष दिव्यांश सिंह एवं उपाध्यक्ष प्रियांश माथुर, तकनीकी उप परिषद के अध्यक्ष प्रखर दुबे देवेश यादव, अभिषेक तिवारी एवं अभिषेक प्रियदर्शी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….