Breaking News

श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी गाजीपुर: श्रीराम-केवट संवाद और धनरैल द्वारा सुरसुरी पार जाने की लीला का हुआ भावपूर्ण मंचन

गाजीपुर। अति प्राचीन श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से सोमवार की शाम लीला के सातवें दिन विशेश्वरगंज स्थित पहाड़ खां के पोखरे के तट पर श्रीराम-केवट संवाद और धनरैल द्वारा सुरसुरी पार जाने की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला का शुभारंभ कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी समेत अन्य पदाधिकारियों ने प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता का माल्यार्पण एवं आरती कर किया। पं. राजा भैया आदर्श रामलीला मंडल के कलाकारों ने वनगमन के दौरान प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के श्रृंगवेरपुर पहुंचने तथा निषादराज से भेंट के प्रसंग का मंचन किया। गंगा पार जाने के लिए नाव की प्रतीक्षा कर रहे प्रभु श्रीराम को देखकर केवट ने उनके चरण पखारने की शर्त रखी। प्रभु की अनुमति मिलने पर केवट कठौते में जल भरकर उनके चरण पखारने लगा। इस दौरान वह प्रेम और भक्ति में भावविभोर हो उठा। केवट ने प्रभु के चरणामृत का पान कर अपने पूर्वजों को भी तार दिया। इसके बाद श्रीराम, सीता और लक्ष्मण को नाव से गंगा पार उतारा। उतराई देने पर केवट ने प्रभु से कहा कि उनकी कृपा से उसे सब कुछ प्राप्त हो गया है, अब उसे कुछ नहीं चाहिए। केवट की अनन्य भक्ति से प्रसन्न होकर प्रभु श्रीराम ने उसे भक्ति का वरदान दिया और वन की ओर प्रस्थान किया।

पद पखारि जलपान करि, आपु सहित परिवार।

पितर पारु करि प्रभुहि पुनि, मुदित गयउ लै पार॥

इस मार्मिक प्रसंग को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, उपमेला प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण, प्रमोद कुमार गुप्ता, राजेश प्रसाद, कृष्णांश त्रिवेदी और राम सिंह यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: पत्रकारों पर हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ पत्रकार संगठनों में आक्रोश, पीएम के नाम सौंपा पत्रक

गाजीपुर। हरियाणा पुलिस द्वारा ‘हिंदी खबर’ और ‘लिविंग इंडिया’ के संपादकों अतुल अग्रवाल ,सौरभ उपाध्याय, …