लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए 64 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा एनरोलमेंट 2026 की भर्ती प्रक्रिया का आयोजन 22 अगस्त 2026, सोमवार को प्रातः 7:00 बजे लखनऊ विश्वविद्यालय के एथलेटिक ग्राउंड में किया जाएगा। लखनऊ विश्वविद्यालय में इस वर्ष स्नातक के किसी भी कार्यक्रम में नवप्रवेश लेने वाले पात्र छात्र-छात्राएं एनसीसी भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकेंगे। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, साहस एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। 64 यूपी बटालियन एनसीसी लंबे समय से अपने कैडेट्स को उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान करते हुए विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के शिविरों, प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करती रही है।भर्ती प्रक्रिया का आयोजन 64 यूपी बटालियन एनसीसी के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. रजनीश कुमार यादव के निरीक्षण एवं मार्गदर्शन में तथा बटालियन के संबंधित अधिकारियों एवं प्रशिक्षण स्टाफ के निरीक्षण में किया जाएगा। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष, अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए बटालियन के प्रशिक्षित स्टाफ की सहभागिता रहेगी।एनसीसी भर्ती की चयन प्रक्रिया विभिन्न चरणों में सम्पन्न होगी। शारीरिक परीक्षण के अंतर्गत छात्राओं को 400 मीटर तथा छात्रों को 800 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके पश्चात अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण किया जाएगा, जिसमें आवश्यक स्वास्थ्य मानकों के साथ उनकी ऊंचाई का मापन भी किया जाएगा।चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सामान्य ज्ञान, तार्किक शक्ति, सामयिकी, रक्षा अध्ययन तथा एनसीसी से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। सभी चरणों में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
आवश्यक निर्देश
- सभी छात्र-छात्राएं लोअर, टी-शर्ट एवं स्पोर्ट्स शूज पहनकर आएं।
- छात्रों का उचित हेयर कट एवं शेव होना आवश्यक है।
- छात्राओं के बाल प्रॉपर हेयर टाइट में बंधे होने चाहिए।
- सभी अभ्यर्थी अपने साथ लंच बॉक्स एवं पानी की बोतल अवश्य लाएं।
- सभी अभ्यर्थी खाली पेट न आएं और भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित होने से पहले पर्याप्त भोजन कर लें।
आवश्यक दस्तावेज
* हाईस्कूल अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र
* इंटरमीडिएट अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र
* आधार कार्ड
* बैंक पासबुक की प्रति
* पासपोर्ट साइज फोटो
* नोटबुक एवं पेन
एनसीसी भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ लाने तथा सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….