मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर का राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, बी.आर.डी. मेडिकल कॉलेज के सहयोग से आगामी 21 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय कैफेटेरिया पेंटहाउस में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने जा रहा है। मानवता की सेवा एवं जीवन-रक्षा के प्रति विश्वविद्यालय की अटूट प्रतिबद्धता को परिलक्षित करता यह महा-अभियान माननीय कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जो मुख्य अतिथि के रूप में शिविर का औपचारिक उद्घाटन कर इस पावन कार्य का शुभारंभ करेंगी।यह संपूर्ण आयोजन प्रो. बी.के. पांडे, अधिष्ठाता, विस्तार क्षेत्र संपर्क एवं पूर्व छात्र संबंध, एन.एस.एस. संकाय प्रभारी डॉ. सत्य प्रकाश यादव, एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश मौर्य, एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोहित बाबू एवं एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा मिश्रा के कुशल निर्देशन व गरिमामयी उपस्थिति में सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। इस शिविर में विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी स्वैच्छिक रूप से प्रतिभाग कर रक्तदान कर सकते हैं। बी.आर.डी. मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की विशेषज्ञ चिकित्सीय टीम के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में उच्चतम स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का अक्षरसः अनुपालन करते हुए रक्त संग्रहण प्रक्रिया संपादित की जाएगी।उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित एन.एस.एस. अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दौरान लघु नाटिका के माध्यम से रक्तदान से संबंधित भ्रांतियों के निराकरण एवं आपातकाल में दुर्लभ रक्त समूहों की उपलब्धता का जो संचेतना संदेश प्रसारित किया गया था, यह शिविर उसी सामाजिक संकल्प की सशक्त व्यावहारिक परिणति है।इस पुनीत अभियान में सहभागिता करने वाले समस्त स्वैच्छिक रक्तदाताओं के निस्वार्थ योगदान को प्रोत्साहित करने हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….