Breaking News

गाजीपुर मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान पुलिस अभिरक्षा से हिस्‍ट्रीशीटर सुधीर पासी फरार   

गाजीपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज से शनिवार तड़के पुलिस अभिरक्षा में भर्ती हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी फरार हो गया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुधीर 21 अगस्त को पैरों में लगी गोली के ऑपरेशन के लिए जिला कारागार से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब चार बजे सुधीर व्हीलचेयर से दूसरे तल स्थित बर्न वार्ड के शौचालय में गया। शौचालय के बाहर पुलिसकर्मी तैनात था। करीब 15 मिनट तक बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मी ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से जवाब नहीं मिलने पर दरवाजे का लॉक तोड़ा गया। अंदर शौचालय की जाली टूटी मिली और सुधीर गायब था। मौके पर उसकी व्हीलचेयर और गमछा पड़ा मिला। सुधीर मरदह थाने का हिस्ट्रीशीटर HS-92A है। पुलिस के अनुसार एक अगस्त को गहमर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। उसके खिलाफ गाजीपुर समेत कई जिलों में चोरी, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 35 मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद पुलिस मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के संभावित रास्तों पर उसकी तलाश कर रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मरीजों और तीमारदारों के अनुसार आरोपी कई बार मोबाइल मांगता था। पुलिस अभिरक्षा में भर्ती घायल बंदी के शौचालय की जाली तोड़कर फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिसकर्मी की मौजूदगी के बावजूद आरोपी कैसे फरार हुआ और उसने बाहर निकलने के बाद किस रास्ते का इस्तेमाल किया, इसकी जांच की जा रही है। पूर्व में भी पुलिस अभिरक्षा से आरोपियों के फरार होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में इस मामले में जिम्मेदारी तय होने और सुरक्षा में चूक की जांच पर सभी की नजर है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: त्यौहार व उत्सव से अपनी संस्कृति संरक्षित होती हैं – अनिल

गाजीपुरl रक्षाबंधन उत्सव के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को महुआबाग स्थित कान्हा हवेली के सभागार मे …